देहरादून। दून विश्वविद्यालय की अंबेडकर चेयर पीठ की ओर से भारतीय संविधान दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि और ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत के डॉ. करण कटारिया मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। अध्यक्षता कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने की।
मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि संविधान के मूल्यों का सम्मान करना और अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनहित में समय के अनुसार संविधान में संशोधन आवश्यक हैं, लेकिन निजी हितों के लिए किए जाने वाले बदलावों का जवाब जनता लोकतांत्रिक तरीके से देती है।
मुख्य वक्ता डॉ. करण कटारिया ने संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। वहीं कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि विश्वविद्यालयों का दायित्व विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना भी है।
कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों पर चर्चा हुई। अंत में विद्यार्थियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया। मंच संचालन प्रो. एच.सी. पुरोहित ने किया तथा प्रो. आशीष कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।