हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान शुक्रवार को छनबन कैंप चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से कन्या गुरुकुल के पास हाईवे पर शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया गया। ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कांवड़ लेकर हरिद्वार पहुंच रहे शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान शिवभक्तों को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया गया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की गई।

ट्रस्ट की ओर से शिवभक्तों की सेवा के लिए सेवा शिविर भी लगाया गया। यहां कांवड़ियों को फल, पानी की बोतलें और खाद्य सामग्री वितरित की गई। भीषण गर्मी और लंबी यात्रा के बीच खाद्य सामग्री एवं पेयजल मिलने पर शिवभक्तों ने ट्रस्ट के सदस्यों का आभार जताया।

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था और सेवा का पर्व है। शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ट्रस्ट की ओर से इसी प्रकार सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे।