देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चमोली जिले के दशोली विकासखंड स्थित ग्राम खैनूरी को जोड़ने वाली आपदा से क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर आवागमन सुचारु कराने के निर्देश दिए हैं। सड़क टूटने से गांव के करीब 120 परिवारों की आवाजाही प्रभावित है।
ग्रामीणों ने दूरभाष के माध्यम से मुख्यमंत्री को सड़क की बदहाल स्थिति से अवगत कराया। शिकायत मिलते ही मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी चमोली समेत संबंधित अधिकारियों को सड़क की मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने और मौके का आकलन कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली सहित सभी मूलभूत सुविधाओं की बहाली में किसी प्रकार की लापरवाही या देरी नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए जनसुविधाएं जल्द बहाल करें।
उन्होंने अधिकारियों को ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से मिलने वाली शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामान्य जनजीवन को जल्द पटरी पर लाने के लिए शासन-प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य करेगा।