हरिद्वार। जनपद के श्रमिकों को बेहतर और निशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को रोशनाबाद कम्युनिटी हॉल में आयोजित कार्यक्रम में ‘मुख्यमंत्री श्रमिक स्वास्थ्य परीक्षण योजना’ के तहत दो नई मेडिकल मोबाइल वैन का शुभारंभ किया गया। रानीपुर विधायक आदेश चौहान और भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने फीता काटकर वैन को रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान श्रमिकों को मुख्यमंत्री श्रमिक स्वच्छता सामग्री किट, शिक्षण सामग्री किट और पोषण योजना किट का भी वितरण किया गया। साथ ही उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में श्रमिकों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जनपद को मिली दो मोबाइल मेडिकल वैन पूरे जिले में भ्रमण कर पंजीकृत निर्माण श्रमिकों और मनरेगा से जुड़े पात्र श्रमिकों के 44 प्रकार के स्वास्थ्य परीक्षण निशुल्क करेंगी।
उन्होंने श्रमिकों से विवाह सहायता, प्रसूति सहायता, स्वच्छता सामग्री किट, शिक्षण सामग्री किट, पोषण योजना, मृत्यु सहायता, मुख्यमंत्री बाल कल्याण योजना, विद्यार्थी कल्याण योजना, श्रमिक स्वास्थ्य योजना और वृद्धावस्था पेंशन सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के साथ श्रमिकों के कल्याण के लिए लगातार योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने पात्र श्रमिकों से सभी सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।
सहायक श्रमायुक्त प्रशांत कुमार ने कहा कि जिन श्रमिकों ने अभी तक अपना पंजीकरण नहीं कराया है, वे शीघ्र पंजीकरण कराकर बोर्ड की योजनाओं का लाभ प्राप्त करें। कार्यक्रम का संचालन लेबर इंस्पेक्टर मीनाक्षी भट्ट ने किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रमिक उपस्थित रहे।