पौड़ी गढ़वाल। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को यमकेश्वर विकासखंड के मालाग्राम पहुंचे। उन्होंने सघन पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड का संदेश दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का भ्रमण कर दुर्लभ औषधीय पौधों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी ली तथा ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य धरोहर हैं। इनके संरक्षण और वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयासों से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ हर्बल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ देश का एक अनूठा हर्बल पार्क है, जहां विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों एवं औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण किया जा रहा है। यह केंद्र पारंपरिक चिकित्सा और आधुनिक शोध के समन्वय का महत्वपूर्ण उदाहरण बन रहा है।
इस अवसर पर स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।