देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से मंगलवार को जीआरडी अकादमी, राजपुर रोड में आयोजित शिविर में मास्टर प्लान-2041 को लेकर नागरिकों से सुझाव लिए गए। इस दौरान ठाकुर शेर सिंह थापली ने उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को सुझाव सौंपते हुए योजना में आवश्यक संशोधन की मांग की।
उन्होंने मास्टर प्लान में पर्यावरण संरक्षण, जलस्रोतों की सुरक्षा, वर्षा जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और हरित क्षेत्र बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई। साथ ही सार्वजनिक परिवहन, पार्किंग, पैदल व साइकिल मार्गों के विस्तार, अस्पताल, विद्यालय, पार्क और खेल मैदानों के लिए पर्याप्त भूमि आरक्षित करने का सुझाव दिया।
सुझाव पत्र में पुरकुल क्षेत्र के पुराने जलस्रोतों के संरक्षण, ग्रामीण क्षेत्रों की जनभावनाओं को प्राथमिकता देने तथा पुरकुल में वर्षों पुराने पैदल मार्ग पर लगाए गए गेट को हटाकर आवागमन बहाल करने की भी मांग की गई। इसके अलावा क्षेत्र की कुछ भूमि के भूमि उपयोग परिवर्तन पर भी विचार करने का अनुरोध किया गया।