चारधाम और कांवड़ यात्रा से पहले सड़कों की मरम्मत में तेजी, दिन-रात चल रहा निर्माण कार्य

हरिद्वार। चारधाम यात्रा एवं आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए हरिद्वार में सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के बाद संबंधित विभागों और ठेकेदारों द्वारा दिन-रात कार्य कर सड़कों को जल्द से जल्द सुचारु बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि यात्रा सीजन के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सीवरेज कार्यों से प्रभावित सभी सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए। उनके निर्देशों के अनुपालन में गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम की निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई द्वारा कार्यों में तेजी लाई गई है।

परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-01 और पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहे हैं। 22 जून को पैकेज-01 के अंतर्गत इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र में 137 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया, जबकि पैकेज-02 के तहत गणपतिधाम, मोहन एंक्लेव, राजविहार, लोक सेवा आयोग और करम विहार क्षेत्रों में कुल 254 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण किया गया।

इस प्रकार एक ही दिन में कुल 391 मीटर सड़क पुनर्निर्माण कार्य पूरा किया गया। अधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य लगातार जारी हैं और जल्द ही सभी प्रभावित मार्गों को आवागमन के लिए पूरी तरह सुगम बना दिया जाएगा, जिससे स्थानीय जनता, व्यापारियों तथा तीर्थयात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *