हरिद्वार। दीपावली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने धनपुरा, पदार्था और सुल्तानपुर में पांच मिठाई निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। इस दौरान बताशा, गुलाब जामुन, मिल्क केक, मावा बर्फी, रसगुल्ला और डोडा बर्फी समेत खाद्य पदार्थों के आठ नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
सहायक आयुक्त महिमानंद जोशी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान मिठाई के डिब्बों पर निर्माण और एक्सपायरी तिथि अंकित करने तथा खाद्य लाइसेंस में सही श्रेणी शामिल करने के निर्देश दिए गए। एक बताशा निर्माण इकाई में गंदगी और मशीनों की सफाई न मिलने पर नोटिस जारी कर एक दिन में कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि कमियां दूर करने के बाद ही मिठाई का निर्माण और बिक्री की जाए। दीपावली तक मिलावट के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।