सनातन संस्कृति के प्रसार और गंगा स्वच्छता के संकल्प के साथ निकलेगी दंडवत यात्रा

करौली शंकर महाराज के आह्वान पर 30 अक्टूबर को दक्षेश्वर महादेव मंदिर से हरकी पैड़ी तक निकलेगी यात्रा, देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालु

हरिद्वार। सनातन संस्कृति के प्रचार-प्रसार, राष्ट्र की एकता और अखंडता तथा कुंभ-2027 को भव्य एवं दिव्य बनाने के संकल्प के साथ शुक्रवार को हरिद्वार में दंडवत यात्रा आयोजित की जाएगी। श्री मिश्री मठ के परमाध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक करौली शंकर महाराज के आह्वान पर आयोजित इस यात्रा में देश-विदेश से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

करौली शंकर महाराज ने बताया कि 30 अक्टूबर को कनखल स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर में रुद्राभिषेक के बाद सुबह आठ बजे दंडवत यात्रा प्रारंभ होगी। यात्रा में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन, कनखल से जुड़े साधक और हजारों श्रद्धालु शामिल होकर हरकी पैड़ी तक पहुंचेंगे।

उन्होंने कहा कि यात्रा का उद्देश्य आगामी कुंभ मेले को दिव्य एवं भव्य स्वरूप प्रदान करने के साथ सनातन संस्कृति का प्रचार-प्रसार, धर्म जागरण और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने का संदेश देना है। इसके साथ ही मानव समाज को रोग, शोक, भय, भ्रम और नशे से मुक्त करने तथा मां गंगा को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त रखने का संकल्प भी लिया जाएगा। यात्रा में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ नेपाल और अन्य देशों से भी श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि 31 अक्टूबर को सुबह 10 बजे हरकी पैड़ी पर गंगा सेवा अभियान चलाया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, इस अभियान में करीब 10 हजार श्रद्धालु भागीदारी करेंगे।

संस्था के प्रबंधक डॉ. उमेश सचान ने बताया कि श्रद्धालुओं का हरिद्वार पहुंचना शुरू हो गया है। कनखल स्थित नया अखाड़ा उदासीन और अन्य आश्रमों में उनके ठहरने तथा भोजन की व्यवस्था की गई है। आयोजन को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संस्था के करीब एक हजार स्वयंसेवक सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *