9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, डीएम ने दिए जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश

हरिद्वार। जनपद में 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान उत्साहपूर्वक मनाया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत तिरंगा रैली, तिरंगा संगीत कार्यक्रम, स्वतंत्रता दिवस समारोह, तिरंगा प्रदर्शनी, साइकिल व ई-बाइक रैली, तिरंगा सेल्फी बूथ और शैक्षणिक संस्थानों में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

डीएम ने निर्देश दिए कि सरकारी भवनों, पुलों, सड़कों, रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, अस्पतालों, विद्यालयों, बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा थीम पर रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया जाए। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर तिरंगा थीम की रंगोली बनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाए।

उन्होंने कहा कि विद्यालयों में तिरंगे से प्रेरित कला-कृतियां, स्वतंत्रता सेनानियों के प्रेरक प्रसंग और ‘वंदे मातरम्’ के अंशों के माध्यम से विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित की जाए। नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत और सभी विभागों को अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं।

डीएम ने अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन से ‘हर घर तिरंगा’ पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर डिजिटल अभियान से जुड़ने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों में भारतीय ध्वज संहिता का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को मजबूत करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *