हरिद्वार को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय धार्मिक नगरी के रूप में विकसित करने की दिशा में गंगा कॉरिडोर के तहत चार प्रमुख परियोजनाओं पर काम शुरू किया जा रहा है। इन परियोजनाओं का उद्देश्य महाकुंभ-2027 और कांवड़ यात्रा समेत वर्षभर आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
पहली परियोजना के तहत हर की पैड़ी-सुभाष घाट क्षेत्र का पुनर्विकास किया जाएगा। धनुष घाट का विस्तार, धनुष पुल, आस्था पथ और बोर्डवॉक पुल का निर्माण होगा। साथ ही घाटों के पैदल मार्ग का सौंदर्यीकरण, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन निकासी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
दूसरी परियोजना हर की पैड़ी के उत्तर क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़ी है। इसके तहत पार्किंग, सार्वजनिक सुविधाओं और भीड़ प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि महाकुंभ और कांवड़ यात्रा जैसे बड़े आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
तीसरी परियोजना में रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का समग्र पुनर्विकास किया जाएगा। यहां जल निकासी व्यवस्था, आधुनिक प्रकाश व्यवस्था, सर्विलांस सिस्टम, पैदल मार्ग और अन्य नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, जिससे क्षेत्र अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक बन सके।
चौथी परियोजना के तहत प्रशासनिक मार्ग का चौड़ीकरण, सौंदर्यीकरण और आधुनिकीकरण किया जाएगा। इससे यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और महाकुंभ, कांवड़ यात्रा सहित अन्य बड़े आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की आवाजाही अधिक सुगम हो सकेगी।