निजी बस स्टैंड नहीं, हाईवे पर बसें खड़ी होने से रोज लग रहा जाम

काशीपुर। शहर में निजी बसों के लिए स्थायी बस स्टैंड नहीं होने से लोगों को रोजाना जाम की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे किनारे संचालित निजी बस स्टैंडों पर बसों को सड़क पर खड़ा कर सवारियां चढ़ाने-उतारने से यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है।

शहर में रामनगर, मुरादाबाद, बाजपुर, जसपुर-धामपुर और अलीगंज रूट पर प्रतिदिन 200 से अधिक निजी बसों का संचालन होता है। बस चालक और परिचालक सड़क किनारे ही बसें खड़ी कर सवारियां भरते हैं, जिससे मुख्य मार्गों पर वाहनों की आवाजाही बाधित रहती है। पुलिस-प्रशासन ने पहले इन बसों के लिए निर्धारित स्टॉपेज तय किए थे, लेकिन उनका प्रभावी पालन आज तक सुनिश्चित नहीं हो सका।

इसका असर बाजपुर रोड, रामनगर रोड और मुरादाबाद रोड पर अक्सर लगने वाले जाम के रूप में देखने को मिलता है। कई बार शोरूम और दुकानों के सामने बसें खड़ी करने को लेकर व्यापारियों और बस संचालकों के बीच विवाद भी हो जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई निजी बसें आधे-आधे घंटे तक हाईवे पर खड़ी रहती हैं, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। करीब तीन वर्ष पहले प्रशासन ने निजी बस स्टैंड के लिए भूमि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया था, ताकि बसों का संचालन व्यवस्थित ढंग से हो सके। हालांकि, अब तक इस दिशा में कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।

शहरवासियों और व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द निजी बस स्टैंड की व्यवस्था कर जाम की समस्या से स्थायी समाधान कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *