देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक में पत्रकारों के कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में पत्रकार कल्याण कोष से नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की गई। वहीं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत तीन वरिष्ठ पत्रकारों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन दिए जाने की भी सिफारिश की गई।
महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। संकटग्रस्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराने के लिए समिति नियमित रूप से बैठक कर मामलों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण कर रही है।
बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह तथा समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, अमित शर्मा और शशि शर्मा मौजूद रहे।