महिला और युवा उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध: धामी

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला चौपाल-2026 का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार महिला, युवा और ग्रामीण उद्यमियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। योजना के तहत अब तक 13 हजार से अधिक उद्यमियों और 8 हजार से अधिक महिला उद्यमियों व स्वयं सहायता समूहों को सहयोग दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने देहरादून के आईटी पार्क स्थित 13 गांव में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के लिए राज्य स्तरीय विपणन केंद्र खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण उत्पादों को बड़े बाजार से जोड़ने के लिए ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ जैसे प्रयास किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 5 लाख से अधिक ग्रामीण महिलाएं 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हैं, जबकि 3 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। ग्रामीण उद्यमिता के जरिए रोजगार और पलायन रोकने पर सरकार का विशेष जोर है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लखपति दीदियों और महिला उद्यमियों को सम्मानित किया तथा विभिन्न पुस्तकों और प्रशिक्षण मॉड्यूल का विमोचन किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री भरत चौधरी, गणेश जोशी, खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *