हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस ने युवती को आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में उसके पति अजय को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, युवती ने परिवार की मर्जी के खिलाफ अजय से कोर्ट मैरिज की थी। शादी के बाद वह गर्भवती हो गई। आरोप है कि पति उस पर दबाव बनाता था और गर्भवती होने की बात मोहल्ले में बताकर बदनाम करने की धमकी देता था।
26 जुलाई को रामधाम कॉलोनी निवासी व्यक्ति ने अपनी 20 वर्षीय बेटी सुहानी की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। अगले दिन उसका शव पथरी पावर हाउस बैराज से बरामद हुआ। जांच में सामने आया कि सुहानी ने 25 जुलाई को बहादराबाद में लाल पुल के पास नहर में कूदकर आत्महत्या की थी। परिजनों के आरोप और जांच के आधार पर 13 अगस्त को मुकदमा धारा 108 बीएनएस में तरमीम किया गया।
पुलिस ने नामजद आरोपी अजय पुत्र स्व. राजपाल निवासी ब्रह्मपुरी, रावली महदूद को सात सितंबर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है।