हरिद्वार में 48,320 छात्र-छात्राएं देंगे बोर्ड परीक्षा, 126 केंद्र निर्धारित

 

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।

जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक अभिषेक शुक्ला ने बताया कि जनपद में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में कुल 48,320 परीक्षार्थी शामिल होंगे। इनमें हाईस्कूल के 25,239 और इंटरमीडिएट के 23,081 छात्र-छात्राएं हैं। परीक्षाओं के लिए कुल 126 केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 17 एकल और 109 मिश्रित परीक्षा केंद्र शामिल हैं।

हाईस्कूल में संस्थागत श्रेणी के 12,485 बालक और 11,952 बालिकाएं, जबकि व्यक्तिगत श्रेणी के 550 बालक और 252 बालिकाएं परीक्षा देंगे। वहीं, इंटरमीडिएट में संस्थागत श्रेणी के 11,218 बालक और 10,406 बालिकाएं तथा व्यक्तिगत श्रेणी के 937 बालक और 520 बालिकाएं परीक्षा में शामिल होंगे।

जिलाधिकारी ने सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के साथ बिजली, पेयजल, शौचालय और परीक्षार्थियों के बैठने की उचित व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाओं की समय रहते समीक्षा की जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा, खंड शिक्षा अधिकारी लक्सर विनोद कुमार, रुड़की की आकांक्षा राठौर, खानपुर के शानै करीम सिद्दीकी, प्रधानाचार्य भानु प्रताप शर्मा, नीलम कटियार, प्रशासनिक अधिकारी रश्मि गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वर्चुअल माध्यम से ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद्र सेठ, उपजिलाधिकारी लक्सर अनिल शुक्ला और उपजिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी भी बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *