हरेला पर परिवहन कार्यालय में 200 से अधिक पौधे लगाए

हरिद्वार। हरेला पर्व के अवसर पर जिलाधिकारी के निर्देशानुसार संभागीय परिवहन कार्यालय, हरिद्वार में गुरुवार को व्यापक पौधारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान कार्यालय परिसर और ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक में 200 से अधिक फलदार एवं छायादार पौधे लगाए गए।

वृक्षारोपण अभियान का नेतृत्व सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा ने किया। इस दौरान परिवहन कर अधिकारी वरुणा सैनी, संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन सहित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

अधिकारियों ने कहा कि हरेला केवल एक पारंपरिक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति और भावी पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। वृक्षारोपण से पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता के संवर्धन, जल संरक्षण, स्वच्छ वायु और जलवायु संतुलन को बढ़ावा मिलता है। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया।

संभागीय परिवहन कार्यालय ने आमजन से भी हरेला पर्व के अवसर पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण के अभियान में सहभागी बनने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *