हरेला पर 30 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य, सतपाल महाराज ने किया पौधरोपण

हरिद्वार। उत्तराखंड के लोक पर्व हरेला पर गुरुवार को नगर वन देवपुर में वन विभाग की ओर से पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पर्यटन मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने रुद्राक्ष का पौधा लगाकर किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को हरेला की शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और प्रत्येक परिवार से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने का आह्वान किया। हरित हरिद्वार अभियान के तहत जिले में हरेला पर्व पर 30 हजार पौधे रोपित करने का लक्ष्य रखा गया है।

सतपाल महाराज ने कहा कि हरेला केवल एक पर्व नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति आस्था, कृतज्ञता और संरक्षण के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, बढ़ते प्रदूषण और घटते वन क्षेत्र आज पूरी दुनिया के सामने गंभीर चुनौती हैं। ऐसे समय में हरेला जैसे जन-जागरूकता अभियान पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा, हिमालय, घने वन, पवित्र नदियां और समृद्ध जैव विविधता राज्य की पहचान हैं। वन संरक्षण और पर्यटन विकास एक-दूसरे के पूरक हैं। हरिद्वार देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों का प्रमुख केंद्र है, इसलिए यहां स्वच्छ और हरित वातावरण बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

मंत्री ने लोगों से जल स्रोतों के संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य, स्वच्छ वायु और शुद्ध जल का आधार बनेगा।

अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी महाराज ने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति संरक्षण की परंपरा सदियों पुरानी है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने पीपल, वट और नीम जैसे अधिक ऑक्सीजन देने वाले पौधों के रोपण पर विशेष जोर दिया।

गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि केवल पौधारोपण ही नहीं, बल्कि पौधों का संरक्षण भी उतना ही जरूरी है। जल स्रोतों और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाए जाने चाहिए।

कार्यक्रम में अतिथियों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। संचालन एसडीओ वन विभाग पूनम कैंथोला ने किया।

इस मौके पर मेयर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, लव शर्मा, आशु चौधरी, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष विक्रम भुल्लर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, अपर मुख्य वन संरक्षक सुरेंद्र मेहरा, डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *