चंपावत में एमआरआई की सुविधा शुरू, सीमांत क्षेत्र के मरीजों को मिलेगी राहत

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को जिला चिकित्सालय चंपावत में करीब छह करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक एमआरआई मशीन का लोकार्पण किया। यह मशीन सीएसआर के तहत आईसीआईसीआई फाउंडेशन फॉर इन्क्लूसिव ग्रोथ के सहयोग से स्थापित की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एमआरआई सुविधा शुरू होने से चंपावत के साथ पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और नैनीताल के सीमांत क्षेत्रों के मरीजों को समय पर जांच और बेहतर उपचार मिल सकेगा। अब गंभीर मरीजों को एमआरआई जांच के लिए हल्द्वानी या अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

उन्होंने बताया कि चंपावत में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर करीब 40 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। जिला चिकित्सालय में 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक बनाया जा रहा है। वहीं, 11.71 करोड़ रुपये से डायग्नोस्टिक विंग, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर और पार्किंग का निर्माण भी प्रगति पर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को गांव और सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाना है, ताकि हर नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके। इस दौरान जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *