नानकमत्ता। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब परिसर में आयोजित स्वच्छता कार्यक्रम में श्रमदान किया। उन्होंने स्वयं साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने गुरुद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब में मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से उन्हें सरोपा और स्मृति चिह्न भेंट किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि धार्मिक स्थलों की पवित्रता बनाए रखने के साथ आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उत्तराखंड में बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, इसलिए धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के साथ बस अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी स्वच्छता बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक अभियान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। प्रत्येक नागरिक को जनभागीदारी के माध्यम से अपने आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में योगदान देना चाहिए। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रदेश में सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।