स्वस्थ बचपन और सशक्त मातृशक्ति से मजबूत होगा उत्तराखंड: धामी

खटीमा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा के आंगनबाड़ी केंद्र गोसीकुआ भुड़ाई में आयोजित ‘आंगन मिलन’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। उन्होंने बच्चों, गर्भवती महिलाओं, माताओं और आंगनबाड़ी व आशा कार्यकत्रियों से संवाद कर सरकार की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली।

मुख्यमंत्री ने बच्चों को अपने हाथों से भोजन परोसा और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने गोदभराई कार्यक्रम में शामिल होकर 10 गर्भवती महिलाओं को पौष्टिक आहार किट तथा 10 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की। पांच बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और नौ आंगनबाड़ी व दो आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया।

धामी ने कहा कि ‘आंगन मिलन’ सेवा, स्नेह और संवाद को हर घर तक पहुंचाने का माध्यम है। आंगनबाड़ी केंद्र केवल पोषण ही नहीं, बल्कि बच्चों के प्रारंभिक शिक्षा, संस्कार और सर्वांगीण विकास की नींव तैयार करने वाले केंद्र हैं।

उन्होंने कहा कि माताओं और बच्चों का स्वास्थ्य व पोषण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। महालक्ष्मी किट, पोषण योजनाओं और मुख्यमंत्री महिला पोषण योजना के माध्यम से सहायता दी जा रही है। सरकार का संकल्प है कि प्रदेश में कोई भी बच्चा कुपोषित न रहे और हर बच्चे को स्वस्थ, सुरक्षित एवं संस्कारयुक्त वातावरण मिले।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *