हरिद्वार। संस्कृति स्कूल में शनिवार को फादर्स डे उत्साह, उमंग और सम्मान के साथ मनाया गया। कार्यक्रम बच्चों के जीवन में पिता के अतुलनीय योगदान और उनके प्रति प्रेम एवं सम्मान को समर्पित रहा। इस दौरान नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत नर्सरी के बच्चों ने ‘हे डैड’ गीत पर आकर्षक नृत्य से की। जूनियर केजी के विद्यार्थियों ने ‘माय फादर इज माय बेस्ट फ्रेंड’ पर प्रस्तुति देकर पिता-पुत्र के रिश्ते की खूबसूरती दिखाई, जबकि सीनियर केजी के बच्चों ने ‘मेरी दुनिया तू ही रे’ गीत पर भावपूर्ण नृत्य प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया।
कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए पिताओं के लिए ‘गेस द ब्रांड नेम’ और ‘थ्रेड द नीडल’ जैसे रोचक खेल भी आयोजित किए गए, जिनमें उन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या श्वेता सहगल ने कहा कि पिता ईश्वर का एक स्वरूप हैं। उन्होंने बच्चों के संस्कार, व्यक्तित्व निर्माण और जीवन में पिताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं, स्कूल की डायरेक्टर दिव्या पंजवानी ने भी अपने विचार साझा करते हुए सभी पिताओं की सक्रिय भागीदारी की सराहना की।
कार्यक्रम के अंत में डायरेक्टर और प्रधानाचार्या ने बच्चों एवं पिताओं को उपहार वितरित किए। इसके बाद सभी के लिए जलपान की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के समापन पर अभिभावक और बच्चे खुशियों एवं यादगार पलों के साथ घर लौटे।