हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेला-2026 के सफल, सुरक्षित एवं सुचारु संचालन को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव की अध्यक्षता में सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांवड़ मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी आमद को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारु, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए विस्तृत मंथन किया गया।
बैठक में औद्योगिक क्षेत्र में यातायात संचालन, मालवाहक वाहनों की आवाजाही, कर्मचारियों के आवागमन तथा आवश्यक सामान की आपूर्ति सहित विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कांवड़ मेले के दौरान औद्योगिक गतिविधियों को प्रभावित किए बिना यातायात संचालन को बेहतर बनाने और पुलिस व उद्योगों के बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक यातायात निशा यादव ने सभी कंपनियों के प्रतिनिधियों से कांवड़ मेले के दौरान जारी यातायात प्लान का पूर्ण पालन करने, आवश्यक सहयोग देने तथा किसी भी संभावित समस्या की स्थिति में पुलिस के साथ तत्काल समन्वय स्थापित करने की अपील की। बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने यातायात प्लान का पालन करने और पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
बैठक में क्षेत्राधिकारी यातायात बिपेन्द्र सिंह, यातायात निरीक्षक संदीप नेगी, सीपीयू प्रभारी हितेश कुमार तथा सिडकुल क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।