हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुविधा के लिए दक्षदीप, गौरी शंकर, बैरागी कैंप और लालजीवाला समेत प्रमुख कांवड़ पड़ावों व पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पेयजल की व्यवस्था की गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में पेयजल निगम की ओर से श्रद्धालुओं को पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
अधिशासी अभियंता जल निगम राजेश गुप्ता ने बताया कि कांवड़ियों के लिए पीने, खाना बनाने, स्नान और शौचालयों के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। गौरी शंकर क्षेत्र में पानी की बेहतर व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को राहत मिल रही है। वहीं बैरागी कैंप और लालजीवाला पार्किंग में भी पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
दिनेश अग्रवाल ने पेयजल व्यवस्था के लिए जल निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि लाखों श्रद्धालुओं वाले कांवड़ मेले में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना बड़ी जिम्मेदारी है। पेयजल निगम द्वारा तत्परता से किए जा रहे इंतजाम सराहनीय हैं।