बिजली दरों में बढ़ोतरी का वरिष्ठ नागरिक संगठन ने किया विरोध

हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन ने प्रदेश में बार-बार बढ़ाई जा रही बिजली दरों का विरोध करते हुए इसे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया। संगठन ने मांग की कि प्रस्तावित बिजली दर वृद्धि को वापस लिया जाए और विद्युत विभाग लाइन लॉस व बिजली चोरी रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई करे।

संगठन अध्यक्ष चौधरी चरण सिंह ने कहा कि उत्तराखंड बिजली उत्पादन करने वाला राज्य है, इसके बावजूद लगातार बिजली महंगी होना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ माह पहले ही बिजली दरों में बढ़ोतरी की गई थी और अब फिर विभिन्न श्रेणियों के उपभोक्ताओं पर प्रति यूनिट शुल्क बढ़ाने का प्रस्ताव जनता के हित में नहीं है।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि विभाग को लाइन लॉस, बिजली चोरी और अन्य कारणों से होने वाले राजस्व नुकसान को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने चाहिए, ताकि उसका बोझ उपभोक्ताओं पर न डाला जाए। साथ ही घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली बिल के स्लैब की व्यवस्था को भी व्यावहारिक बनाने की मांग की गई, जिससे कम खपत करने वाले उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *