हरिद्वार। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील सेठी के संयोजन में बुधवार को पुल जटवाड़ा, ज्वालापुर में कांवड़ यात्रियों का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को फल, पानी, जीरा पानी और बिस्किट वितरित किए गए तथा उनकी मंगलमय और सुरक्षित यात्रा की कामना की गई।
सुनील सेठी ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना शिव आराधना के समान है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में कई किलोमीटर पैदल चलकर कांवड़ यात्रा करने वाले श्रद्धालु कठिन तपस्या और अटूट आस्था के प्रतीक हैं। ऐसे शिवभक्तों की सेवा करना प्रत्येक व्यक्ति का सौभाग्य है। उन्होंने मां गंगा से सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सकुशल संपन्न होने की प्रार्थना की।
पार्षद एवं वरिष्ठ पंजाबी नेता हरविंद्र सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ स्थानीय व्यापार और छोटे कारोबारियों के लिए भी वरदान साबित होती है। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा ही सच्ची शिव पूजा है और इससे बढ़कर कोई आराधना नहीं हो सकती।
कार्यक्रम में अजय अनेजा, संदीप मेहता, सुनील अरोड़ा, संजीव सहगल, सुरेंद्र भटेजा, राजकुमार अरोड़ा, सुरेंद्र नरूला, अर्पण ग्रोवर, केवल बजाज, अनिल शर्मा और गिरीश भाटिया सहित राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।