मुख्यमंत्री ने कांवड़ियों पर की पुष्पवर्षा, चरण प्रक्षालन कर परोसा भोजन

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार पहुंचे शिवभक्त कांवड़ियों का भव्य स्वागत किया। हरकी पैड़ी से कांवड़ यात्रा मार्ग तक हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा की गई, जबकि अलकनंदा होटल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पांच कांवड़ियों का चरण प्रक्षालन कर उनका सम्मान किया और अपने हाथों से भोजन भी परोसा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर का शुभारंभ कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि देवभूमि आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को सुरक्षित, सुगम और सम्मानजनक वातावरण मिले। कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक चेतना का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों से उन्हें कांवड़ियों की सेवा का अवसर मिल रहा है। इस वर्ष अब तक एक करोड़ से अधिक शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना हो चुके हैं। यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी, एंबुलेंस, स्वास्थ्य शिविर और आपातकालीन सेवाओं की व्यापक व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का तेजी से विकास हो रहा है। केदारनाथ धाम के पुनर्निर्माण के साथ हरिद्वार गंगा कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाएं भी प्रदेश के धार्मिक पर्यटन को नई दिशा देंगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में सराहनीय योगदान देने वाले पांच पुलिसकर्मियों और पांच पर्यावरण मित्रों को सम्मानित किया। उन्होंने पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, स्वच्छता कर्मियों और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सभी के सामूहिक सहयोग से ही इतनी विशाल यात्रा का सफल संचालन संभव हो पा रहा है।

इस अवसर पर संत-महात्माओं, जनप्रतिनिधियों, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में शिवभक्त कांवड़िए उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *