हरिद्वार। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए शहर में सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत तेज कर दी गई है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संबंधित विभाग और ठेकेदार दिन-रात काम कर रहे हैं, ताकि यात्रियों, स्थानीय लोगों और व्यापारियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई, गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्तपोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के पैकेज-01 एवं पैकेज-02 के अंतर्गत सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। 25 जून को गणपतिधाम फेस-3, राजविहार फेस-1, महेंद्र विहार, रतन वाटिका, आदर्श नगर और करम विहार सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुल 317 मीटर सड़क एवं पावर ब्लॉक निर्माण कार्य पूरा किया गया।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सीवरेज कार्यों से प्रभावित सभी सड़कों की मरम्मत पूरी कर ली जाएगी, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुगम यातायात सुविधा मिल सके।