काशीपुर। कथित रूप से अवैध वसूली और शराब माफिया की मदद करने के मामले में आबकारी आयुक्त ने काशीपुर आबकारी विभाग में लंबे समय से तैनात एक आबकारी उप निरीक्षक व दो सिपाहियों का पृथक पृथक स्थान पर स्थानांतरण कर दिया है ।

मिली जानकारी के अनुसार काशीपुर आबकारी आयुक्त अनुराधा पाल ने काशीपुर आबकारी कार्यालय में तैनात आबकारी उप निरीक्षक मोहम्मद असीस सिद्दीकी को तत्काल प्रभाव से भगवानपुर चेक पोस्ट हरिद्वार स्थानांतरित कर दिया है। इसी क्रम में यहां तैनात आबकारी विभाग के प्रधान सिपाही कैलाश चंद्र भट्ट को बागेश्वर और सिपाही कृष्ण चंद्र आर्या को पिथौरागढ़ स्थानांतरित कर दिया है। उपरोक्त आबकारी उप निरीक्षक व सिपाही पिछले लंबे समय से काशीपुर में तैनात थे। आबकारी आयुक्त ने अपने स्थानांतरण आदेश में उल्लेख किया है कि तीनों का तबादला ग्राम कालिया वाला जसपुर निवासी सत्येंद्र चौधरी की शिकायत के आधार पर किया है सत्येंद्र चौधरी ने उपरोक्त कर्मचारियों के संबंध में कथित रूप से अवैध वसूली और अवैध शराब माफियाओं को संरक्षण देने का आरोप लगाया था। मामले में जिला आबकारी अधिकारी ने जांच करने के बाद आख्या विभागीय अधिकारियों को भेजी थी।
इस मामले में काशीपुर के आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने एक सवाल के जवाब में बताया कि यह मामला उनके यहां तैनाती से पूर्व का है इसलिए उन्हें इसकी ज्यादा जानकारी नहीं है।