सीवर कार्यदायी संस्था, लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई की लापरवाही से हादसों का खतरा, जिम्मेदार अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज करने की मांग
हरिद्वार। धर्मनगरी में टूटी सड़कों और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों से आमजन की परेशानी बढ़ती जा रही है। मुख्यमंत्री के निर्देशों और जिलाधिकारी के निरीक्षण के बाद भी उत्तरी हरिद्वार की सड़कों की हालत में सुधार नहीं होने पर महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने संबंधित विभागों के खिलाफ नाराजगी जताई है। उन्होंने जिलाधिकारी से लापरवाह अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। सेठी ने बताया कि कल रात सीवर कार्यदायी संस्था की लापरवाही के चलते उत्तरी हरिद्वार में एक युवक का बड़ा सड़क हादसा हो गया।
शुक्रवार को सुनील सेठी के नेतृत्व में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं और व्यापारियों ने उत्तरी हरिद्वार में सड़कों की बदहाली के विरोध में एकजुट होकर आवाज उठाई। सेठी ने कहा कि जिलाधिकारी के निरीक्षण और 15 तारीख तक सड़कें ठीक करने के अल्टीमेटम के बावजूद उत्तरी हरिद्वार, सप्तसरोवर मार्ग और हाईवे की सर्विस लेन सहित कई प्रमुख सड़कों की स्थिति जस की तस बनी हुई है। सीवर कार्यदायी संस्था, लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई की लापरवाही से लोगों की जान जोखिम में है, लेकिन संबंधित विभाग कुंभकर्णी नींद में सोए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तरी हरिद्वार की कॉलोनियों, सप्तऋषि घाट, सप्तसरोवर मार्ग, भारत माता मंदिर रोड, सप्तऋषि से दूधाधारी चौक, सर्वानंद क्षेत्र और हाईवे की सर्विस लेन पर सड़कें खस्ताहाल हैं। कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीर चोटिल हो रहे हैं। स्कूल बसें गड्ढों में धंसने से बच रही हैं, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ रही है तथा वाहनों के टायर फटने और गाड़ियां खराब होने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इन सड़कों पर चलना किसी खतरे से कम नहीं है।
सुनील सेठी ने कहा कि संबंधित विभाग मुख्यमंत्री के आदेशों की भी अनदेखी कर रहे हैं। इस संबंध में मुख्यमंत्री को दोबारा शिकायत भेजी गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से सड़क मार्ग से हरिद्वार आकर जमीनी हकीकत देखने की अपील भी की। उन्होंने मांग की कि सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए और लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों एवं संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
पहाड़ी महासभा के अध्यक्ष तरुण व्यास, महंत शुभम गिरी, गायत्री व्यापार मंडल के अध्यक्ष भागीरथ प्रजापति और संगठन महामंत्री हरिमोहन भारद्वाज ने संयुक्त रूप से कहा कि कई स्थानों पर रात के समय बिना पूर्व सूचना के सड़कें खोद दी जाती हैं। खुदाई के दौरान बिजली, पानी और गैस की लाइनें क्षतिग्रस्त होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बिना उचित रोडमैप के किए जा रहे कार्यों से पहले से टूटी सड़कों की मरम्मत भी नहीं हो पा रही है। जगह-जगह गड्ढों में स्कूल बसें और राहगीर फंस रहे हैं, लोग चोटिल हो रहे हैं तथा वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानियां अब बर्दाश्त से बाहर हो रही हैं।
इस दौरान गायत्री व्यापार मंडल के महामंत्री लालजी यादव, सतनाम सिंह, गोकुल डबराल, देवेंद्र गोयल, एडवोकेट मेघराज, धर्मेंद्र बब्बर, श्रीनिवास गोयल, सन्नी अरोड़ा, श्रेय शास्त्री, विकास गुप्ता, सावन कुमार, राजेश पांडे, सुशील कुमार, हरीश अरोड़ा, ओमप्रकाश भट्ट, गौरव खन्ना, पावन पांडे, अशोक बजाज, अमित शर्मा, नीरज मिश्रा, मुकेश ठाकुर, दीपक रावत, राजेश पाठक, लक्की अनेजा, एसएन तिवारी, अशोक तिवारी, राकेश सिंह, गौरव शर्मा, जुगल किशोर, नंदकिशोर पांडे, आशीष अग्रवाल, सचिन अग्रवाल सहित सैकड़ों व्यापारी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।