चारधाम और कांवड़ यात्रा से पहले सीवरेज कार्यों में तेजी, 197.5 मीटर सड़क पुनर्निर्माण पूरा

हरिद्वार। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए हरिद्वार में सीवरेज कार्यों के कारण खोदी गई सड़कों की मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर संबंधित विभाग और कार्यदायी संस्थाएं दिन-रात काम कर रही हैं, ताकि स्थानीय लोगों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए हैं कि सीवरेज कार्यों के लिए खोदी गई सभी सड़कों का मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में चारधाम यात्रा संचालित है और जल्द ही कांवड़ यात्रा भी शुरू होने वाली है, ऐसे में यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखना आवश्यक है।

परियोजना प्रबंधक, निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-01 और पैकेज-02 में सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। 23 जून को दोनों पैकेजों के अंतर्गत कुल 197.5 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया।

पैकेज-01 के तहत वीरधाम में 20 मीटर सीसी रोड तथा उत्तराखंड ग्रामीण बैंक के निकट एनएचएआई मार्ग पर 22.5 मीटर बीटी रोड का कार्य पूरा किया गया। इस पैकेज में कुल 42.5 मीटर कार्य संपन्न हुआ।

वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत गणपतिधाम फेस-3 में 30 मीटर, राजविहार फेस-1 में 43 मीटर, लोक सेवा आयोग क्षेत्र में 45 मीटर तथा भगवतीपुरम में 35 मीटर सीसी रोड का निर्माण पूरा किया गया। इस पैकेज में कुल 155 मीटर के करीब कार्य पूर्ण किया गया।

अधिकारियों के अनुसार सड़क पुनर्निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के लिए लगातार दिन-रात कार्य किया जा रहा है, जिससे यात्रा सीजन के दौरान लोगों को बेहतर यातायात सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *