वृद्ध ने मुख्यमंत्री से लगाई भूमि कब्जामुक्त कराने की गुहार

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार के दुर्गानगर, भूपतवाला निवासी वृद्ध सुशील धीमान ने मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami को प्रार्थना पत्र भेजकर अपनी पैतृक भूमि को कथित भू-माफियाओं के कब्जे से मुक्त कराने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को भेजे गए प्रार्थना पत्र में सुशील धीमान पुत्र स्वर्गीय घसीटा ने बताया कि ग्राम तांसीपुर, परगना भगवानपुर, तहसील रुड़की स्थित खसरा संख्या 280 की 100 वर्गगज भूमि उनके परिवार को वर्ष 1976 में पट्टे के माध्यम से आवंटित की गई थी। यह आवंटन तत्कालीन तहसीलदार भगवानपुर द्वारा स्वीकृत किया गया था। उनके अनुसार उसी समय क्षेत्र के अन्य 11 लोगों को भी भूमि आवंटित की गई थी।

पीड़ित का आरोप है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र के कुछ भू-माफिया उनकी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ग्राम तांसीपुर निवासी अमित कुमार एवं सुमित उर्फ सोना ने कथित रूप से उनकी भूमि की दीवार तोड़कर वहां हैंडपंप स्थापित कर दिया है तथा विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

सुशील धीमान का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में स्थानीय पुलिस को भी शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी बताया कि उक्त भूमि से संबंधित मामला वर्तमान में जिलाधिकारी न्यायालय में विचाराधीन है। इसके बावजूद भूमि पर कब्जा कर प्लॉटिंग किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

पीड़ित ने मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर भूमि को कब्जामुक्त कराने तथा दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *