हरिद्वार। थोक केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार लिमिटेड, हरिद्वार के चुनाव में विकास तिवारी पैनल ने एक बार फिर अपना दबदबा कायम रखा। 14 सदस्यीय निदेशक मंडल में 11 सीटों पर जीत दर्ज करने के साथ विकास तिवारी लगातार दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं, श्रीमती कामनी साडना उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुनी गईं।
निर्वाचन के बाद नवगठित निदेशक मंडल की बैठक में विभिन्न शीर्ष सहकारी संस्थाओं के लिए प्रतिनिधियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। जिला सहकारी बैंक के लिए सुशील त्यागी और कपिल कांता, यूसीबी के लिए सुरेंद्र सिंह और मंजू चौधरी, यूसीफ के लिए प्रदीप कुमार, पीसीयू के लिए अर्चना तिवारी और प्रदीप कुमार, राज्य उपभोक्ता संघ के लिए विकास तिवारी और सुनीता सिंह, डीसीडीएफ के लिए विपुल सैनी और सुषमा तथा हॉर्टीफेड के लिए आंचल खटाना और अनिरुद्ध राठी को निर्विरोध प्रतिनिधि चुना गया।
निर्वाचन प्रक्रिया चुनाव अधिकारी विनोद कुमार और सहायक चुनाव अधिकारी देवेंद्र सिंह की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। दोनों अधिकारियों ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों को विधिवत निर्वाचित घोषित किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष विकास तिवारी ने मतदाताओं, निदेशकों और सहकारी परिवार का आभार जताते हुए कहा कि यह जीत सहकारिता के मूल्यों, पारदर्शिता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने संस्था को अधिक सशक्त, पारदर्शी और सदस्य हितैषी बनाने के लिए सभी के सहयोग से निरंतर कार्य करने का भरोसा दिलाया।