हरिद्वार। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए शहर में सीवरेज कार्य के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का काम तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उत्तराखंड पेयजल निगम की निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई दिन-रात सड़क पुनर्निर्माण का कार्य कर रही है, ताकि स्थानीय लोगों, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को आवागमन में परेशानी न हो।
परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्तपोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के पैकेज-01 और पैकेज-02 के तहत 29 जून को कुल 202 मीटर सड़क पुनर्निर्माण का कार्य पूरा किया गया। इसमें पैकेज-01 के अंतर्गत वेदजी की गली में 20.2 मीटर सीसी रोड बनाई गई। वहीं पैकेज-02 में लोक सेवा आयोग मार्ग पर 30 मीटर, वाल्मीकि बस्ती में 69 मीटर, राजविहार फेज-1 में 68 मीटर, करम विहार में 19 मीटर और आदर्श नगर में 25 मीटर सड़क का निर्माण पूरा किया गया।
डीएम ने अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों को निर्देश दिए हैं कि चारधाम और कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी मार्ग पर आवागमन प्रभावित न हो। इसके लिए सीवर कार्य से खोदी गई सभी सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी की जाए।