हरिद्वार। सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित सहकारिता सप्ताह के दूसरे दिन मंगलवार को रोशनाबाद स्थित विकास भवन सभागार में सहकारिता चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सहकारी समितियों को केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वरोजगार और व्यवसाय विस्तार के लिए प्रेरित किया।
सहायक निबंधक सहकारिता मोनिका चुनेरा ने बताया कि चौपाल का आयोजन केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के दिशा-निर्देशन में किया गया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में जनपद हरिद्वार में प्रधानमंत्री किसान समृद्धि योजना के तहत 56 करोड़ रुपये की उर्वरक बिक्री की गई। साथ ही आठ एम-पैक्स (MPACS) के माध्यम से आठ अन्न भंडारण केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। सहकारिता सप्ताह के दौरान एम-पैक्स को सीएससी केंद्रों के माध्यम से व्यवसाय का दायरा बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिला सहकारी बैंक के महाप्रबंधक सौ सिंह ने बैंक की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. एस.सी. जोशी ने प्रत्येक विकासखंड में पशु औषधि केंद्र स्थापित करने का सुझाव दिया। सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने सहकारी समितियों से सजावटी मछली (ऑर्नामेंटल फिश) बिक्री केंद्र शुरू करने का आह्वान किया। वहीं दुग्ध विकास, उद्यान और कृषि विभाग के अधिकारियों ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर समितियों को आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, इफको एवं यूसीएफ के प्रतिनिधि, सहकारी समितियों के पदाधिकारी तथा सहकारिता विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।