रुद्रप्रयाग। सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के सहयोग से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ में आयोजित विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में 281 लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं। वहीं बुधवार 22 जुलाई से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी के निर्देशन में आयोजित शिविर में सामान्य रोग के 189, अस्थि रोग के 53, सर्जरी के 28 तथा बाल रोग के 11 मरीजों का परीक्षण किया गया। इसके अलावा 85 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई और 87 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी विभिन्न विषयों पर परामर्श दिया गया। शिविर के दौरान 97 लोगों के लैब टेस्ट तथा 100 लोगों के एक्स-रे किए गए। साथ ही 13 ग्रामीणों के आयुष्मान कार्ड और 56 लोगों की आभा आईडी भी बनाई गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सीमा टेकचंदानी ने बताया कि सेवा, सुशासन एवं समर्पण अभियान के अंतर्गत 22 जुलाई से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अगस्त्यमुनि में तीन दिवसीय विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।
विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर में राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के डॉ. अशोक कुमार शर्मा, डॉ. कमल कांत, डॉ. गीतांशु कपूर और डॉ. सुखजीत अरोड़ा ने सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर डॉ. मोनिका सजवाण, डॉ. मोहित, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक अमित मैठाणी, बीएलए अमित नौडियाल, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर आशा कार्यक्रम जगजीत सिंह सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।