श्रीमद्भागवत कलयुग की वैतरिणी है : स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती

हरिद्वार। श्री गीता विज्ञान आश्रम के तत्वावधान में आज राजा गार्डन स्थित श्री हनुमान मंदिर से भव्य कलश शोभा यात्रा का आयोजन किया गया जो श्रीमद् भागवत की शोभायात्रा के साथ विभिन्न धार्मिक झांकियां से ओतप्रोत थी। तत्पश्चात व्यास पीठ का पूजन कर विश्व कल्याण की भावना के साथ श्रीमद् भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ किया गया।

श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ करते हुए कथा व्यास महामंडलेश्वर स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती जी महाराज ने कहा कि श्रीमद्भागवत कलयुग की वैतरिणी है जिसका श्रवण करने मात्र से ही भक्त भवसागर से पार उतर जाता है। श्रीमद्भागवत का महत्व समझाते हुए उन्होंने कहा कि इस पंचम वेद में सभी धर्म ग्रंथों का सार है और इस कथा रूपी सरस फल में सब कुछ ग्राह्य है कुछ भी त्याज्य नहीं है। श्रीमद्भागवत को भक्त और भगवान की कथा बताते हुए उन्होंने कहा कि जो भी भक्त सच्चे मन से भगवान का स्मरण करता है उसका कल्याण हो जाता है। भगवान के दरबार में न ही देर है न ही अंधेर और भक्त को जिस रूप में भगवान की आवश्यकता होती है भगवान उसी रूप में आकर अपने भक्त की सहायता करते हैं। अंत में सभी भक्तों ने व्यास पीठ की आरती उतार कर विश्व कल्याण की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *