हरिद्वार। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने सोमवार को हरिद्वार में मानव उत्थान सेवा समिति की ओर से आयोजित कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के जन्मोत्सव कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, श्री भरत चौधरी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राज्यपाल ने सतपाल महाराज को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर जनसेवा के लिए ऊर्जा एवं सामर्थ्य की कामना की।
राज्यपाल ने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति के माध्यम से सतपाल महाराज ने देश-विदेश में मानव धर्म, आत्मज्ञान, सद्भावना, प्रेम और सेवा का संदेश पहुंचाया है। उनका आध्यात्मिक जीवन मानवता की सेवा और समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि सतपाल महाराज सार्वजनिक जीवन में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए उत्तराखंड की सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भारतीय भावना आज पूरी मानवता के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। मानव धर्म, सद्भाव और सर्वधर्म समभाव के माध्यम से इस भावना को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
राज्यपाल ने कामना की कि सतपाल महाराज की आध्यात्मिक साधना, मानव सेवा और जनसेवा की यात्रा निरंतर आगे बढ़ती रहे। उनका अनुभव और मार्गदर्शन समाज एवं युवा पीढ़ी को सेवा, सद्भाव और राष्ट्र प्रथम की प्रेरणा देता रहे।