29 नवंबर को 52 केंद्रों पर होगी उत्तराखंड पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा, 20,958 परीक्षार्थी होंगे शामिल

हरिद्वार। उत्तराखंड सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रारंभिक परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेटों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अपर जिलाधिकारी ने बताया कि 29 नवंबर को जनपद के 52 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। इनमें रुड़की में 16 और हरिद्वार में 36 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में कुल 20,958 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तथा दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी।

उन्होंने परीक्षा केंद्रों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। गोपनीय प्रश्नपत्रों के सुरक्षित परिवहन और परीक्षा सामग्री की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने को कहा गया।

आयोग के अवर सचिव आशीष जायसवाल ने बताया कि परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। बैठक में एसपी क्राइम निशा यादव सहित संबंधित अधिकारी एवं सेक्टर मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *