हरिद्वार। ज्ञान भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद की प्राचीन पांडुलिपियों के सर्वेक्षण, पंजीकरण, संरक्षण एवं डिजिटाइजेशन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि मिशन का उद्देश्य देश की प्राचीन ज्ञान परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित कर भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है। उन्होंने सार्वजनिक एवं निजी पुस्तकालयों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों, मठों और शिक्षण संस्थानों में उपलब्ध दुर्लभ पांडुलिपियों की जानकारी जुटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने आमजन एवं संस्थाओं से अपील की कि जिनके पास प्राचीन पांडुलिपियां, हस्तलिखित ग्रंथ या दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है, वे इसकी जानकारी जिला पर्यटन विकास अधिकारी कार्यालय में उपलब्ध कराएं। बैठक में बताया गया कि राज्य स्तर पर पतंजलि विश्वविद्यालय को नोडल संस्था बनाया गया है तथा ज्ञान भारतम ऐप एवं पोर्टल के माध्यम से पांडुलिपियों का डिजिटाइजेशन किया जाएगा।