हरिद्वार। केंद्रीय जल शक्ति एवं रेल राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने हरिद्वार भ्रमण के दौरान बहादराबाद स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट और जल जीवन मिशन के तहत निर्मित सुल्तानपुर माजरी पेयजल योजना का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का समयबद्ध कार्यान्वयन, गुणवत्तापूर्ण संचालन और नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कूड़े के पृथक्करण, प्रसंस्करण एवं निस्तारण की जानकारी ली। पेयजल योजना के संबंध में ग्रामीणों से पानी की गुणवत्ता और आपूर्ति पर चर्चा की तथा योजनाओं के संरक्षण में जनभागीदारी पर जोर दिया। उन्होंने पेयजल योजनाओं के संचालन से जुड़े कर्मचारियों और ग्राम स्तरीय समितियों को प्रशिक्षण देने के निर्देश भी दिए।

जल शक्ति मंत्रालय के संयुक्त सचिव डी. सेंथिल पांडियन ने नव-निर्मित पेयजल योजनाओं को 15 दिनों तक संचालित कर उनकी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए। मंत्री ने वैक्यूम सक्शन वाहन का निरीक्षण कर स्वच्छता व्यवस्था में इसके प्रभावी उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।

इसके बाद डाम कोठी में आयोजित बैठक में जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा की गई। प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों का संबंधित अधिकारियों से अनुपालन कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *