हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर आगामी कुंभ मेले के दृष्टिगत हरिद्वार को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के लिए विशेष स्वच्छता अभियान शुरू किया गया। मेलाधिकारी सोनिका एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने हरकी पौड़ी से अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान के तहत 7 नवंबर तक शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गंगा घाटों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की जाएगी। सीडीओ ने कहा कि हरिद्वार में देश-विदेश से करोड़ों श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में गंगा की पवित्रता और धार्मिक स्थलों की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।
राज्य मंत्री एवं श्रीगंगा सभा अध्यक्ष नितिन गौतम तथा नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की ने भी आमजन, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं से अभियान में सहयोग की अपील की। अभियान के दौरान करीब दो कुंतल सूखा एवं गीला कूड़ा एकत्र किया गया।