दून विश्वविद्यालय में मनाया गया भारतीय संविधान दिवस, त्रिवेंद्र बोले- अधिकारों के साथ नागरिकों में कर्तव्यबोध भी जरूरी
संविधान के मूल आदर्शों को जीवन में अपनाने का किया आह्वान, विद्यार्थियों के साथ हुआ प्रश्नोत्तर सत्र
देहरादून, 26 नवंबर। दून विश्वविद्यालय में गुरुवार को भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय की अंबेडकर चेयर पीठ की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों, मौलिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और राष्ट्र निर्माण में संविधान की भूमिका के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं, ग्लोबल यूनिवर्सिटी, सोनीपत (हरियाणा) के डॉ. करण कटारिया ने मुख्य वक्ता के रूप में विचार रखे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने की।
मुख्य वक्ता डॉ. करण कटारिया ने भारतीय संविधान की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने संविधान को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का मजबूत आधार बताते हुए उसके मूल आदर्शों को समझने और जीवन में आत्मसात करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्य अतिथि त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों का भी बोध होना आवश्यक है। संविधान के मूल्यों का सम्मान करना और उनके अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समय और जनहित की आवश्यकताओं के अनुरूप संविधान में संशोधन किए जाते रहे हैं। हालांकि, जब भी सार्वजनिक हित के बजाय निजी हितों को ध्यान में रखकर संविधान में बदलाव करने का प्रयास हुआ, तब जनता ने लोकतांत्रिक तरीके से अपना निर्णय सुनाया और सरकारों को बदलने का काम किया।
कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने अपने अध्यक्षीय संबोधन में संविधान को भारत की एकता, अखंडता, सामाजिक न्याय और समावेशी विकास का आधार बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में संवैधानिक चेतना, लोकतांत्रिक समझ, सामाजिक संवेदनशीलता और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना भी है।
कार्यक्रम के दौरान संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों पर विशेष चर्चा की गई। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने की अपील की। लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने, सामाजिक समरसता बनाए रखने तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश भी दिया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं के साथ प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने संविधान से जुड़े विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने संविधान के मूल आदर्शों एवं लोकतांत्रिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रो. आशीष कुमार, कुलसचिव दुर्गेश डिमरी, प्रो. एसएस सुथार, प्रो. चेतना पोखरियाल, डॉ. दीपक भट्ट, प्रो. रीना सिंह, प्रो. सुनीत नैथानी, डॉ. अचलेश दावरे, डॉ. राजीब कुमार, डॉ. प्राची पाठक, डॉ. हिमानी शर्मा एवं डॉ. अंकित नागर सहित छात्र परिषद के सदस्य, विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एचसी पुरोहित ने किया। अंत में प्रो. आशीष कुमार ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।