4.71 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी, सड़कों और नालियों का होगा निर्माण

रानीपुर। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र को राज्य योजना के तहत बड़ी सौगात मिली है। विधायक आदेश चौहान के प्रस्ताव पर सरकार ने करीब 4 करोड़ 71 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके तहत शिवालिकनगर नगरपालिका, नगर निगम हरिद्वार और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के डामरीकरण, पुनर्निर्माण, इंटरलॉकिंग टाइल्स और नाली निर्माण के कार्य कराए जाएंगे।

स्वीकृत कार्यों में टिहरी विस्थापित कॉलोनी सेक्टर-3, शिवालिकनगर में लगभग 98 लाख रुपये की लागत से तीन किलोमीटर आंतरिक गलियों का पुनर्निर्माण शामिल है। वहीं एस क्लस्टर शिवालिकनगर में 85 लाख रुपये की लागत से करीब चार किलोमीटर सड़कों का हॉटमिक्स डामरीकरण किया जाएगा।

नगर निगम क्षेत्र के सीतापुर में 95 लाख रुपये की लागत से जल निकासी के लिए नाली निर्माण और इंटरलॉकिंग टाइल्स से आंतरिक सड़कों का निर्माण होगा। इसके अलावा सलेमपुर क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों में 93 लाख रुपये की लागत से नाली एवं सड़क निर्माण तथा कृष्णा विहार कॉलोनी (डैंसो चौक) में 98 लाख रुपये की लागत से इंटरलॉकिंग टाइल्स द्वारा आंतरिक सड़कों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।

विधायक आदेश चौहान ने विकास कार्यों की स्वीकृति पर केंद्र और प्रदेश सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य कर रही है। इन परियोजनाओं से हजारों परिवारों को लाभ मिलेगा और क्षेत्र के लोगों को बेहतर सड़क व जल निकासी जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

वहीं, शिवालिकनगर के सांसद प्रतिनिधि अतुल वशिष्ठ ने भी विकास कार्यों की स्वीकृति पर विधायक का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा में पिछले वर्षों में बड़े पैमाने पर विकास कार्य हुए हैं और नए कार्यों से क्षेत्र के समग्र विकास को और गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *