दीपावली की रात हुई चोरी का पुलिस ने किया खुलासा

हरिद्वार। दीपावली की रात मोबाइल शॉप की दीवार तोड़कर की गई चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। उत्तर प्रदेश के दो चोरों को भी गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से करीब सात लाख रुपये के मोबाईल और अन्य सामान भी बरामद किया। पुलिस टीम को एसएसपी ने पुरस्कार देने की घोषणा की है।

आज एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने मीडिया सेल से जानकारी देते हुये बताया कि बहादराबाद क्षेत्र में दीपावली की रात मोबाइल शॉप में चोरी होने के सम्बन्ध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। बताया कि 12 नवम्बर को उनकी शाॅप की दीवार तोड़कर चोरी की गई है। अज्ञात चोरों के खिलाफ धारा 457,380 में मुकदमा पंजीकृत किया गया था। चोरी के खुलासे के लिये टीम गठित की गयी थी। आरोपियों की खोजबीन में जुटी पुलिस टीम ने बुधवार को होटल ग्रेड लज्जा होटल के पास से एक संदिग्ध व्यक्ति शौकिन को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से चोरी के 6 आई फोन, 28 टच स्क्रीन मोबाइल, 10 की-पेड, 16 टेमपर्ड ग्लास व अन्य सामान बरामद किया।

पुलिस पूछताछ में अपना नाम शौकिन पुत्र शमीम निवासी धनकरपुर थाना फतेहपुर सहारनपुर उत्तर प्रदेश बताया। उसने चोरी का आरोप स्वीकारते हुए बताया चोरी किया हुआ कुछ माल मुजफ्फरनगर निवासी दानिश को बेचा है। जिसकी निशांदेही पर पुलिस ने माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं। नशे के शौक पूरा करने के लिए चोरी-चकारी और दो नम्बर के काम करते है। आरोपियो के विरूद्ध मुकदमें में धारा 411 आईपीसी की बढ़ोतरी की गई है।

आरोपियों को पकड़ने वाली पुलिस टीम में सुश्री निहारिका सेमवाल (क्षेत्राधिकारी ज्वालापुर), नरेश सिंह राठौड़ (थानाध्यक्ष थाना बहादराबाद), उपनिरीक्षक प्रदीप राठौर, उपनिरीक्षक विजय प्रकाश, अपर उपनिरीक्षक तरूण कुमार, कांस्टेबल मुकेश नेगी,कांस्टेबल वीरेन्द्र, कांस्टेबल रणजीत शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *