आम आदमी पार्टी का 27 सूत्रीय घोषणा पत्र जारी

हरिद्वार। आगामी नगर निगम चुनाव के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के मेयर प्रत्याशी संजय सैनी ने 27 सूत्रीय घोषणा पत्र जारी किया। प्रेस वार्ता में उन्होंने पार्टी की योजनाओं और दृष्टिकोण को साझा करते हुए बताया कि “मोहल्ला रिपेयर कैंप” और “व्यावहारिकता की क्रांति” अभियान के माध्यम से पार्टी ने पिछले 20 महीनों से वार्ड स्तर पर काम किया है।

घोषणा पत्र में छोटे भवनों को गृहकर से मुक्ति, खाली भूखंडों पर टैक्स समाप्त करने, स्कूल और अस्पतालों की स्थिति सुधारने, धार्मिक और पर्यटक स्थलों की सफाई के लिए विशेष टीम बनाने और निगम को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने का वादा किया गया है। इसके अलावा सार्वजनिक शौचालय निर्माण, आवारा पशुओं के लिए कांजी हाउस और व्यापारियों के लिए लाइसेंस प्रक्रिया को सरल बनाने की बात कही।

पार्टी ने दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर उत्तराखंड में मुफ्त बिजली, प्रीपेड स्मार्ट मीटर और बिजली बिल समस्याओं का समाधान करने का वादा किया। सिटी बस सेवा, नवरात्रों में रोपवे की मुफ्त सेवा और स्थानीय सड़कों पर अंडरपास निर्माण जैसे बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों का भी जिक्र किया गया।

संजय सैनी ने सरकारी जमीनों पर बसी कॉलोनियों को उजड़ने से बचाने, एचआरडीए के नियमों को व्यावहारिक बनाने और अवैध निर्माण नोटिस समाप्त कराने का आश्वासन दिया। खेलों को प्रोत्साहित करने और किरायेदार सत्यापन प्रक्रिया को सरल बनाने की बात भी घोषणापत्र में शामिल है।

संजय सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी जनता को बदलाव के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से कल से वार्ड 35, मोहल्ला कडच्छ में “हल्ला बोल” अभियान शुरू करेगी। प्रैसवार्ता में अमरीश गिरी, मेहरबान अली, अमन, श्रवण कुमार, आरसी राठौर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *