हरिद्वार । पुलिस की आपरेशन स्माइल टीम ने एक बिछड़े बेटे को उसकी मां से मिला दिया। बालक हरिद्वार में कबाड़ बिनकर अपना जीवन यापन कर रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक विगत 7 दिसम्बर को एएचटीयू की टीम ने नगर क्षेत्र में 15 वर्षीय बालक निवासी लाहोरिया चैक, बेतिया, बिहार को रेस्क्यू किया। बालक ने पूछताछ में बताया कि वह बिहार का रहने वाला है। वह मुरादाबाद में ट्रेन छूटने के कारण अपने परिजनों से बिछड़ गया था और हरिद्वार पहुँच गया। हरिद्वार में कबाड़ बिनकर अपना जीवन यापन कर रहा था। एएचटीयू टीम ने बालक को बाल कल्याण समिति के आदेश पर कनखल स्थित खुले आश्रय गृह में रखा। पुलिस ने बिहार में उसके परिवारजनों को खोजने के बाद बच्चे को मां से मिलवा दिया। बेटे के मिलने पर मां की खुशी का ठिकाना न रहा। बालक को मां से मिलाने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।