देहरादून। बहुप्रतीक्षित ‘परीक्षा पे चर्चा 2025’ का आयोजन 10 फरवरी को सुबह 11 बजे होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से संवाद करेंगे और परीक्षा की तैयारी, तनाव प्रबंधन व व्यक्तिगत विकास पर मार्गदर्शन देंगे। इस वर्ष सभी राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों से 36 छात्रों का चयन किया गया है, जिनमें सरकारी व केंद्रीय विद्यालयों, सैनिक स्कूल, नवोदय विद्यालय और अन्य बोर्डों के छात्र शामिल हैं। पीपीसी 2025 इस बार आठ एपिसोड के नए रोमांचक प्रारूप में आएगा। प्रधानमंत्री के साथ पहली बातचीत दूरदर्शन, पीएमओ यूट्यूब चैनल और मंत्रालयों के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइव होगी। इस बार विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां भी सात अन्य एपिसोड में छात्रों का मार्गदर्शन करेंगी। इनमें खेल और अनुशासन पर एमसी मैरीकॉम, अवनी लेखरा व सुहास यतिराज, मानसिक स्वास्थ्य पर दीपिका पादुकोण, पोषण पर शोनाली सबरवाल, रुजुता दिवेकर और रेवंत हिमात्सिंगका, प्रौद्योगिकी व वित्त पर गौरव चौधरी (तकनीकी गुरुजी) व राधिका गुप्ता, रचनात्मकता व सकारात्मकता पर विक्रांत मैसी व भूमि पेडनेकर और मानसिक शांति पर सदगुरु छात्रों को प्रेरित करेंगे। इसके अलावा, UPSC, IIT-JEE, CLAT, NDA, CBSE, ICSE जैसी परीक्षाओं के टॉपर्स अपनी सफलता की कहानियां साझा करेंगे। इस वर्ष पीपीसी ने 5 करोड़ से अधिक भागीदारी के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है। शिक्षा मंत्रालय ने इसे छात्रों के लिए एक प्रेरणादायी पहल बताया है।