देहरादून स्थित राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तिकरण संस्थान (एनआईईपीवीडी) में सोमवार को एक अनूठी पहल ‘अंतर दृष्टि’ साकार हुई। नेशनल एसोसिएशन फॉर द ब्लाइंड (एनएबी), दिल्ली के सहयोग से निर्मित इस विशेष सेंसरी डार्क रूम का उद्घाटन सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (DEPwD) के सचिव श्री राजेश अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर संयुक्त सचिव श्रीमती मनमीत कौर नंदा तथा संस्थान के निदेशक श्री प्रदीप अनिरुद्धन भी मौजूद रहे।
‘अंतर दृष्टि’ एक ऐसी विशेष परिकल्पना है, जो आम नागरिकों को दृष्टि दिव्यांगजनों की दैनिक चुनौतियों और अनुभवों से परिचित कराती है। इस सेंसरी डार्क रूम में पूरी तरह अंधकारमय वातावरण निर्मित किया गया है, जहाँ आगंतुकों को एक दृष्टिबाधित व्यक्ति की दृष्टि से दुनिया को महसूस करने का अवसर मिलता है। यह पहल न केवल सहानुभूति और समझ को जन्म देती है, बल्कि समाज में दृष्टिबाधितों के प्रति समावेश और सम्मान की भावना को भी प्रोत्साहित करती है।
इस अवसर पर एक और महत्वपूर्ण पहल के तहत एनआईईपीवीडी और अमर सेवा संगम के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। यह समझौता दिव्यांगजनों के पुनर्वास और समावेशन की दिशा में साझा प्रयासों को सशक्त बनाएगा। MoU पर हस्ताक्षर DEPwD के सचिव श्री राजेश अग्रवाल, संयुक्त सचिव श्रीमती मनमीत कौर नंदा और निदेशक श्री प्रदीप ए. की उपस्थिति में संपन्न हुए।
इस सहयोग के अंतर्गत एनआईईपीवीडी अब Enable Inclusion® ऐप को अपनाएगा, जिसे अमर सेवा संगम ने विकसित किया है। यह ऐप बच्चों में विकासात्मक और बौद्धिक दिव्यांगताओं की शीघ्र पहचान, हस्तक्षेप और ट्रैकिंग के लिए एक अत्याधुनिक डिजिटल समाधान प्रदान करता है। यह ऐप अब दृष्टिबाधितों की आवश्यकताओं के अनुसार भी समृद्ध किया जाएगा, जिसमें एनआईईपीवीडी अपनी विशेषज्ञता प्रदान करेगा।
Enable Inclusion® ऐप के इस नए संस्करण से टेली-काउंसलिंग, शीघ्र हस्तक्षेप, ट्रैकिंग और पुनर्वास योजना निर्माण की प्रक्रिया और भी अधिक प्रभावशाली तथा व्यापक बन सकेगी। इस डिजिटल पहल से देशभर में दिव्यांगजनों, विशेषकर दृष्टिबाधित बच्चों और वयस्कों के लिए एक सशक्त, संगठित और सुलभ सहायता तंत्र का निर्माण संभव होगा।
देहरादून की इस ऐतिहासिक पहल ने न केवल तकनीक के सहारे संवेदनशीलता को बढ़ावा दिया, बल्कि समाज को समावेशन की दिशा में आगे बढ़ने का एक प्रभावशाली संदेश भी दिया है।