हरिद्वार/लक्सर
लक्सर विकासखंड में सोमवार को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं ग्राम विकास विभाग की अपर सचिव अनुराधा पॉल ने विभिन्न क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जमीनी हकीकत को परखा। इस दौरान गांववासियों और जनप्रतिनिधियों ने उनका स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
प्राथमिक विद्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान दो प्रमुख मांगें लिखित रूप में और कुछ शिकायतें मौखिक रूप से दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया अथवा त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।
ग्रामीण प्रदीप कुमार ने अपनी जमीन पर अवैध कब्जे की शिकायत की, जिस पर एसडीएम को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित परिवारों के सर्वे और चिन्हांकन के आदेश भी दिए गए।
ग्रामवासी रशीद अहमद ने पेंशन न मिलने की बात कही, जिस पर समाज कल्याण अधिकारी को जांच कर समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया। जल जीवन मिशन के तहत बिछाई गई पेयजल पाइपलाइन में बार-बार लीकेज की शिकायत पर 15 दिन के भीतर सभी लीकेज दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
ग्राम प्रधान व ग्रामीणों ने क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र की कमी, मच्छरों की अधिकता और गंदगी की समस्या उठाई, जिस पर ग्राम पंचायत को तत्काल छिड़काव कराने के निर्देश मिले।
विद्युत विभाग के अधिकारी की अनुपस्थिति पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए शासन को लिखित शिकायत भेजने की बात कही। प्रेम सिंह ने बिजली का बिल माफ करने का प्रार्थना पत्र दिया, जबकि फूल सिंह ने ट्यूबवेल से तार चोरी की शिकायत की, जिस पर विद्युत विभाग के ईई को 7 दिन में जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इसके बाद उन्होंने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूह द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रायसी के निरीक्षण में एक भी डॉक्टर मौजूद न होने और केवल फार्मासिस्ट एवं वार्ड बॉय के सहारे केंद्र चलने पर उन्होंने जल्द ही डॉक्टर की नियुक्ति सुनिश्चित करने और अस्पताल तक की सड़क की मरम्मत कराने की बात कही।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्सर के निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। वहां पड़ी दवाइयों के संबंध में एसीएमओ ने बताया कि वे सब-सेंटरों को भेजी जा रही हैं।
मनरेगा के तहत सोना देवी के पशु शेड और प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बने सीमा देवराज और जनेश्वर के मकानों का भी निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रोशनी, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश, मुख्य शिक्षाधिकारी केके गुप्ता, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी नलिनी ध्यानी, एसीएमओ डॉ. अनिल वर्मा, बीडीओ पवन कुमार सैनी और एबीडीओ शीशपाल सिंह राठौर सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
इस व्यापक निरीक्षण दौरे के माध्यम से अपर सचिव ने ग्रामीण विकास और जनसेवा में सक्रिय भागीदारी निभाने का स्पष्ट संदेश दिया।